
मनोज कुमार
केपी · वैदिक · नाड़ी ज्योतिषी
मेरी ज्योतिष यात्रा
सच कहूँ तो ज्योतिष मेरे जीवन का वह रास्ता है, जिसे मैंने कभी चुना ही नहीं था। शायद जिंदगी ने मुझे खुद इस रास्ते तक पहुँचाया। साल 2006 से पहले तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। मेरे भी अपने सपने थे, कुछ बनने का सपना था और जिंदगी को लेकर अपनी अलग सोच थी। ज्योतिष में आने का तो दूर-दूर तक कोई इरादा नहीं था।
लेकिन 2006-07 के आसपास अचानक जैसे जिंदगी ने U-Turn ले लिया। अगले दो-तीन साल ऐसे बीते कि एक के बाद एक मुश्किल आती गई। समझ ही नहीं आता था कि आखिर हो क्या रहा है और आगे जाना कहाँ है। जिंदगी के लगभग हर हिस्से में परेशानी थी। जिस तरफ देखता, वहीं मुश्किल नजर आती थी। अंदर से मैं इतना परेशान हो गया था कि कई बार खुद से ही पूछता था आखिर मेरी जिंदगी में चल क्या रहा है?
धीरे-धीरे मन टूटने लगा। तनाव और नकारात्मक सोच बढ़ती गई और एक समय ऐसा आया जब मैं depression जैसी स्थिति में पहुँच गया। बाहर से मैं कैसा दिखता था, ये दुनिया देखती थी.. लेकिन अंदर से मैं किस दौर से गुजर रहा था, ये सिर्फ मैं जानता था। उस वक्त बस एक ही सहारा था भगवान। जब कोई रास्ता दिखाई नहीं देता था, तब भगवान के सामने बैठकर बस यही सोचता था आखिर ये सब कब ठीक होगा?
इसी उम्मीद में मैंने अपनी कुंडली दिखानी शुरू की। एक-दो नहीं.. 100–200 ज्योतिषियों तक मैं अपनी कुंडली लेकर गया। किसी ने कुछ बताया, किसी ने कुछ और। जवाब ढूँढने निकला था, लेकिन हर बार एक नया confusion लेकर वापस आता था। मुझे बड़ी-बड़ी भविष्यवाणियाँ नहीं चाहिए थीं। बस कोई इतना बता देता कि परेशानी क्या है और इससे निकलने का रास्ता क्या है। लेकिन वो जवाब मुझे कहीं नहीं मिला।
फिर एक दिन मन में आया दूसरों से पूछते-पूछते थक गया हूँ, क्यों न अब खुद ही इसे समझने की कोशिश करूँ? यहीं से कहानी बदलनी शुरू हुई। करीब एक साल बाद मेरी मुलाकात मेरे गुरु पंडित रविंद्र शास्त्री जी से हुई। उन्होंने मुझे अपने सान्निध्य में ज्योतिष की गहराई और कुंडली को सही तरीके से समझना सिखाया। आज वो हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख और उनका आशीर्वाद आज भी मेरे साथ है। मेरी ज्योतिष यात्रा की असली नींव मेरे गुरु ने ही रखी।
आज पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लगता है शायद वो मुश्किल वक्त मेरी जिंदगी को तोड़ने नहीं, मुझे मेरे असली रास्ते तक पहुँचाने आया था। जिस रास्ते पर मैं जाना नहीं चाहता था, शायद जिंदगी मुझे उसी रास्ते के लिए तैयार कर रही थी।
मेरा उद्देश्य
मेरा उद्देश्य केवल भविष्य बताना नहीं, बल्कि आपको स्पष्टता, आत्मविश्वास और सही निर्णय लेने की समझ देना है। जिस उलझन और भ्रम से मैं खुद गुज़रा हूँ, उससे आपको निकालने में मदद करना ही मेरा काम है।